Bhaskar Digital Desk 04, Dated 2 Feb 2026 4:56 PM
प्रयागराज : माघ मेला क्षेत्र के गंगा पंडाल में उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित दैनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत मंगलवार को भक्ति संगीत की मनमोहक प्रस्तुति हुई। प्रसिद्ध भजन गायक राजीव आचार्य ने अपने सुमधुर और भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगीत प्रेमी पहुंचे। राजीव आचार्य के भजनों ने पूरे पंडाल में भक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया। “पधारे फिर से मेरे राम”, “चलो फिर से अयोध्या नगरिया”, “हे मेरे राम”, “माधो माधो मन का मान त्यागो” जैसे भजनों पर श्रोता भावविभोर नजर आए।
राजीव आचार्य के भजन सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। उनका भजन “पधारे फिर से मेरे राम” हाल ही में इंस्टाग्राम पर ट्रेंडिंग में पहले स्थान पर रहा। कार्यक्रम के दौरान “अवध के दुलारे राम सुनो” और “धर्म ध्वजा मेरे साथ थाम लो” जैसे भजनों पर लोग झूमते और नृत्य करते दिखे।
इस अवसर पर राजीव आचार्य ने कहा कि श्रोताओं का प्यार और सम्मान उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को संगीत और कला के माध्यम से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राजीव आचार्य और उनके साथ आए सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। यह सांस्कृतिक संध्या माघ मेले में भक्ति और परंपरा की भावना को और मजबूत कर गई।
https://bhaskardigital.com/devotees-danced-to-the-hymns-of-rajiv-achar/: प्रयागराज में राजीव आचार्य के भजनों पर झूमे श्रद्धालु: B